जिला मुख्य आयुक्त भगवत शरण सिंह के नेतृत्व में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के दल ने रायपुर में निभाई सहभागिता
खैरागढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ की प्रांतीय इकाई द्वारा रायपुर स्थित श्री बनवीर जुनेजा इनडोर स्टेडियम में वृहद सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। राज्य स्तरीय इस आयोजन में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले से जिला मुख्य आयुक्त भगवत शरण सिंह के नेतृत्व में करीब 150 स्काउट-गाइड, प्रभारी एवं पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
हरी झंडी दिखाकर दल को किया गया रवाना
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जिले के 150 सदस्यीय दल को जिला मुख्य आयुक्त भगवत शरण सिंह, पदेन जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन, आजीवन सदस्य एवं सेजेस कन्या शाला खैरागढ़ के प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह, सुनील कुमार गुनी एवं केके वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।इस अवसर पर जिला मुख्य आयुक्त भगवत शरण सिंह ने कहा कि सर्वधर्म प्रार्थना सभा जैसे आयोजन समाज में आपसी सहयोग, भाईचारे, शांति और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड के लिए सेवा कार्य केवल एक गतिविधि नहीं बल्कि जीवन का महत्वपूर्ण संस्कार है। विभिन्न धर्मों के प्रति सम्मान, सद्भावना और समरसता की भावना देश की संवैधानिक धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था को मजबूती प्रदान करती है।जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने कहा कि स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों में अनुशासन, सेवा भावना और सद्भावना जैसे संस्कारों का विकास आवश्यक है। ऐसे आयोजन युवाओं को विविधता में एकता का संदेश देने के साथ उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक समरसता की भावना विकसित करते हैं।
जिले में भव्य स्काउट-गाइड आयोजन को लेकर हुई चर्चा
राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा के दौरान जिला मुख्य आयुक्त भगवत शरण सिंह ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की ओर से एक भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मांगी और राज्य मुख्य आयुक्त को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने जिला मुख्य आयुक्त के आग्रह को स्वीकार करते हुए इस संबंध में शीघ्र समीक्षा बैठक आयोजित करने की जानकारी दी। बैठक के दौरान जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार, सेवा कार्यों को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर जिले के स्काउट-गाइड दल की सहभागिता को राज्य स्तरीय आयोजन में महत्वपूर्ण माना गया। दल के सदस्यों ने सर्वधर्म प्रार्थना सभा के माध्यम से शांति, सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश आत्मसात किया।


