
कोड़का में आयोजित हुआ विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम
एक दिन में 4 हजार से अधिक पौधोँ का हुआ रोपण
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने वाले एक पेड़ माँ के नाम अभियान ने रविवार को जनपद पंचायत छुईखदान में जनआंदोलन का रूप ले लिया। विकासखंड की सभी 107 ग्राम पंचायतों में एक साथ सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया गया जिसमें जनप्रतिनिधियों अधिकारियों स्व-सहायता समूहों युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। पूरे विकासखंड में एक ही दिन में 4 हजार से अधिक पौधे लगाए गए। विकासखंड स्तरीय मुख्य कार्यक्रम ग्राम पंचायत गोपालपुर के आश्रित ग्राम कोड़का में आयोजित हुआ। यहां विकसित भारत–रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत ₹10.52 लाख की लागत से स्वीकृत मिश्रित फलोद्यान (ब्लॉक प्लांटेशन) योजना का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना के तहत करीब 200 पौधों का रोपण किया गया है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार और जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। विक्रांत सिंह ने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।

उन्होंने लोगों से पौधों को कम से कम दो वर्षों तक नियमित रूप से संरक्षित रखने का आग्रह किया है। सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार ने कहा कि पर्यावरण संतुलन जल संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनका संरक्षण भी करना चाहिए। जिला पंचायत सभापति ललित चोपड़ा ने बताया कि हाल ही में जनपद पंचायत परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान विकासखंड स्तर पर व्यापक अभियान चलाने का संकल्प लिया गया था। उसी संकल्प को साकार करते हुए सभी 107 ग्राम पंचायतों में एक साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी केश्वरी देवांगन और जनपद पंचायत की पूरी टीम की सराहना करते हुए अभियान की सफलता पर बधाई दी। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों से पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का स्थायी अभियान बनाने का आह्वान किया है। इस अवसर पर पुष्पा प्रकाश वर्मा, निजाम सिंह मंडावी, दुष्यंत जंघेल, प्रकाश वर्मा, आनंद सिन्हा, संदीप वैष्णव सहित जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।