
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खरीफ सीजन 2026 में संभावित अनियमित मौसम और प्राकृतिक आपदाओं के मद्देनजर कृषि विभाग ने जिले के गैर ऋणी किसानों से 31 जुलाई तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा कराने की अपील की है। विभाग का कहना है कि अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। विभाग के अनुसार जिले में अब तक 37,953 किसानों ने 53,790 हेक्टेयर क्षेत्र की फसलों का बीमा कराया है। इनमें 6,414 गैर ऋणी किसान भी शामिल हैं जिन्होंने योजना का लाभ लेकर अपनी फसलों को प्राकृतिक जोखिमों से सुरक्षित किया है। कृषि विभाग ने बताया कि इस वर्ष एल-नीनो के संभावित प्रभाव के कारण अल्पवृष्टि अनियमित वर्षा सूखा अतिवृष्टि सहित अन्य प्राकृतिक आपदाओं की आशंका बनी हुई है। ऐसे में फसल बीमा किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम साबित हो सकता है। गैर ऋणी किसान अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अधिकृत बैंक शाखा या अन्य अधिकृत माध्यमों के जरिए बीमा आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के समय आधार कार्ड बैंक पासबुक भूमि अभिलेख बोनी का विवरण तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य होगा। कृषि विभाग ने सभी पात्र किसानों से अपील की है कि वे अंतिम समय की प्रतीक्षा न करते हुए 31 जुलाई से पहले फसल बीमा कराकर योजना का लाभ उठाएं और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले संभावित आर्थिक नुकसान से अपनी फसल को सुरक्षित करें।

