KCGअपराध

आंगनबाड़ी केंद्र और स्कूल में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। केसीजी पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग प्रकरणों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 से 18 मई 2026 की मध्य रात्रि ग्राम कुम्ही स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में अज्ञात चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर प्रवेश किया। इसके बाद बाथरूम और आलमारी का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, चावल, कुकर, गिलास, प्लास्टिक कुर्सी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। इसी तरह 11 और 12 मई 2026 की मध्य रात्रि में डॉ.पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय खैरागढ़ के विज्ञान भवन में भी चोरी की घटना हुई थी। दोनों मामलों में थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 201/2026 और 203/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305 बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए संदेह के आधार पर गोलबाजार वार्ड क्रमांक 7 मस्जिद के पास निवासी यासर खान उर्फ शेरा तथा किल्लापारा वार्ड क्रमांक 11 निवासी अखिलेश सोनी से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी यासर खान उर्फ शेरा के कब्जे से गैस सिलेंडर, चावल, कुकर, गिलास, प्लास्टिक कुर्सी सहित इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान, दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की। बरामद सामान को गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जप्त किया गया। पुलिस ने 20 मई 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें उप जेल सलोनी भेज दिया गया।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page