KCG

शासकीय पॉलिटेक्निक खैरागढ़ में आज से डिप्लोमा प्रवेश की होगी शुरुआत

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए शासकीय पॉलिटेक्निक खैरागढ़ ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। संस्थान ने ऑनलाइन काउंसलिंग एवं प्रवेश की तिथियां जारी करते हुए इच्छुक विद्यार्थियों से समय पर आवेदन करने की अपील की है। संस्थान से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 11 से 15 जून तक आयोजित की जाएगी। इस चरण में चयनित अभ्यर्थियों का प्रवेश 20 से 24 जून के बीच होगा। इसके बाद द्वितीय चरण की काउंसलिंग 26 से 30 जून तक तथा प्रवेश 4 से 9 जुलाई तक किया जाएगा वहीं अंतिम चरण की काउंसलिंग 11 से 16 जुलाई तक और प्रवेश प्रक्रिया 18 से 21 जुलाई के मध्य संपन्न होगी। डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए दसवीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्री-पॉलिटेक्निक टेस्ट (पीपीटी) आवश्यक है। इसके अलावा गणित विषय के साथ बारहवीं उत्तीर्ण अथवा दो वर्षीय आईटीआई पास अभ्यर्थी लेटरल एंट्री योजना के तहत सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश लेकर अपने अध्ययन की अवधि कम कर सकते हैं। जिले के एकमात्र शासकीय तकनीकी संस्थान के रूप में स्थापित पॉलिटेक्निक खैरागढ़ में विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख शिक्षा एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता है। संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाएं समृद्ध पुस्तकालय खेल सुविधाएं तथा अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में अध्ययन की व्यवस्था है। वर्तमान में यहां मैकेनिकल, मेटलर्जी, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर साइंस तथा इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग शाखाओं में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। संस्थान का दावा है कि यहां से अध्ययन पूरा करने वाले अनेक विद्यार्थी विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं निजी कंपनियों में सेवाएं दे रहे हैं। संस्थान प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से निर्धारित समयावधि में प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण करने तथा विस्तृत जानकारी के लिए सीधे महाविद्यालय से संपर्क करने का आग्रह किया है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page