

फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने जांच के लिये जप्त किया सैंपल
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर के प्रतिष्ठित माने जाने वाले होटल एवं मिठाई दुकान “मानव मंदिर” में कथित रूप से खराब मिठाई बेचने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मिठाई और संबंधित खाद्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए जब्त किए हैं। जानकारी के अनुसार राज फैमली निवासी प्रकृति सिंह ने होटल से आम और दूध से बनी मिठाई खरीदी थी। उनका आरोप है कि घर पहुंचने पर मिठाई के डिब्बे से तेज बदबू आ रही थी। उन्होंने मिठाई को सुरक्षित रखते हुए अगले दिन इसकी शिकायत लेकर होटल पहुंचीं। शिकायत के दौरान होटल प्रबंधन और महिला के बीच विवाद की स्थिति बन गई जिससे कुछ देर तक हंगामे का माहौल रहा। मामले की सूचना मिलने पर खैरागढ़ की फूड सेफ्टी यूनिट ने होटल पहुंचकर शिकायतकर्ता द्वारा लाई गई मिठाई सहित संबंधित खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सैंपलों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ता प्रकृति सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने खाद्य प्रतिष्ठानों में गुणवत्ता मानकों की नियमित निगरानी की आवश्यकता बताई। खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार दूध एवं आम से बनी मिठाइयों में गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी जरूरी होती है। उचित तापमान और स्वच्छ भंडारण नहीं होने पर खाद्य पदार्थ जल्दी खराब हो सकते हैं जिससे फूड पॉइजनिंग और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। दूसरी ओर विभाग के जांचकर्ता अधिकारी श्री धृतलहरे ने कहा है कि शिकायत के बाद प्रतिष्ठा से सैंपल जांच के लिए जप्त किया गया है जांच उपरांत सच्चाई सामने आएगी। घटना के बाद नगर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित मिठाई निर्धारित मानकों के अनुरूप थी या नहीं वहीं नागरिकों ने प्रशासन से खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच और गुणवत्ता नियंत्रण अभियान को और प्रभावी बनाने की मांग की है।
