
15 अगस्त तक तकनीकी समस्याएं दूर करने का वायदा
शिक्षकों के हित पूरी तरह सुरक्षित- गजेंद्र यादव
रोज़ाना 85 प्रतिशत शिक्षक दर्ज कर रहे ऑनलाइन उपस्थिति
सत्यमेव न्यूज़ रायपुर/खैरागढ़। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने स्पष्ट किया है कि वीएसके (VSK) ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं के कारण प्रदेश के किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और ऐप में मौजूद तकनीकी खामियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा मंत्री ने बताया कि विभाग की तकनीकी टीम और संबंधित अधिकारियों को 15 अगस्त तक वीएसके ऐप की सभी प्रमुख तकनीकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य शिक्षकों को बिना किसी बाधा के ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराना है ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग 1.75 लाख शिक्षकों में से करीब 1.50 लाख शिक्षक नियमित रूप से वीएसके ऐप के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। प्रतिदिन लगभग 85 प्रतिशत शिक्षकों द्वारा ऐप का उपयोग किया जाना इस बात का प्रमाण है कि शिक्षक डिजिटल व्यवस्था को अपनाने में सक्रिय सहयोग दे रहे हैं। मंत्री यादव ने शिक्षकों के सहयोग, अनुशासन और सकारात्मक सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि उनके सुझावों एवं अनुभवों के आधार पर वीएसके ऐप को और अधिक सरल, उपयोगकर्ता-अनुकूल तथा प्रभावी बनाया जाएगा। राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में तकनीक आधारित पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में कठिनाई आती है तो उसके हित पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे। केवल तकनीकी खामी के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं रोका जाएगा और न ही उसे किसी प्रकार की प्रशासनिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। शिक्षा मंत्री ने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे पूर्व की भांति वीएसके ऐप का उपयोग जारी रखें। साथ ही यदि ऐप के संचालन में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या सुधार संबंधी सुझाव हो तो उन्हें विभाग तक अवश्य पहुंचाएं ताकि आवश्यक सुधार कर व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाया जा सके।