KCG

बीएड में दाखिले की बात पर आहत विवाहिता ने उठाया आत्मघाती कदम

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ जिला मुख्यालय से लगे ग्राम टेकापारखुर्द में एक 30 वर्षीय विवाहिता के मिट्टी तेल छिड़ककर आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने उसे तत्काल सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल रेफर किया गया। महिला का उपचार जारी है। घायल महिला की पहचान मंजू बघेल पति अजय बघेल के रूप में हुई है।

जानकारी अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे मंजू के सास-ससुर, पति अजय और देवर सूरज रोज की तरह खेत में काम करने चले गए थे। मंजू घर पर खाना बनाने के लिए रुकी थी। कुछ देर बाद उसका देवर सूरज खाना लेने घर लौटा लेकिन घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। संदेह होने पर वह पड़ोसी की बाड़ी की दीवार फांदकर घर के भीतर पहुंचा। इसी दौरान उसे बाथरूम से धुआं निकलता दिखाई दिया। सूरज ने शोर मचाकर परिजनों और आसपास के लोगों को बुलाया। इसके बाद बाथरूम का दरवाजा तोड़कर देखा गया तो मंजू गंभीर रूप से झुलसी हालत में पड़ी थी। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और 112 की टीम मौके पर पहुंची तथा महिला को सिविल अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

परिजनों के अनुसार मंजू और अजय का करीब एक वर्ष पहले प्रेम विवाह हुआ था। मंजू पढ़ाई पूरी कर शिक्षिका बनना चाहती थी। इसी वर्ष उसने प्री-बीएड परीक्षा दी थी और उसका नाम चयन सूची में भी आया था। बताया गया कि गुरुवार को ही मंजू ने अपने पति और ससुराल पक्ष के सामने बीएड में दाखिला लेने की इच्छा जताई थी। परिजनों के अनुसार आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण परिवार ने फिलहाल बीएड की पढ़ाई के लिए असमर्थता जताई और बाद में पढ़ाई पूरी कराने की बात कही। इसके बाद मायके से उसके पिता सहित अन्य परिजन भी पहुंचे और मंजू को फिलहाल परिवार की खेती-किसानी में सहयोग करने के लिए समझाया। बताया जा रहा है कि पढ़ाई को लेकर हुई इस बातचीत से मंजू काफी आहत थी।

प्रारंभिक जानकारी में घर में अकेली रहने के दौरान मंजू ने मिट्टी तेल छिड़ककर आग लगा ली। हालांकि उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया इसकी वास्तविक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले को आत्महत्या के प्रयास के रूप में देखते हुए परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page