छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़

विकास की रोशनी से वंचित निजामडीह, बिजली-पानी संकट से जूझ रहे ग्रामीण

सत्यमेव न्यूज गंडई पंडरिया। विकासखंड के वनांचल क्षेत्र स्थित साल्हेवारा (बकरकट्टा क्षेत्र) अंतर्गत ग्राम निजामडीह आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। विकास के दावों के बीच गांव में बिजली और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएं अब तक सुचारु रूप से उपलब्ध नहीं हो सकी हैं जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। समुंदपानी पंचायत के आश्रित ग्राम निजामडीह में करीब 92 परिवार निवास करते हैं। गांव के तीन वार्डों में केवल चार हैंडपंप हैं जिनमें से कई गर्मी बढ़ने के साथ पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहे हैं। ऐसे में महिलाओं और ग्रामीणों को पानी के लिए दूर दूर तक भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार करीब दस वर्ष पहले गांव में घर घर सोलर पैनल लगाए गए थे लेकिन एक दो साल के भीतर अधिकांश पैनल खराब हो गए। इसके बाद से आज तक व्यवस्था सुधारने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। गांव में अंधेरा पसरा रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है वहीं रात के समय जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है। नल-जल योजना के तहत गांव में पाइपलाइन और घरों तक नल कनेक्शन तो पहुंचाए गए हैं लेकिन मुख्य जल कनेक्शन शुरू नहीं होने से योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। हाल ही में क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे सांसद संतोष पांडेय के समक्ष ग्रामीणों ने बिजली और पानी की समस्या रखी थी। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें जल्द समस्या समाधान का आश्वासन दिया गया लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली और पेयजल की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। इस संबंध में विधायक यशोदा वर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे चर्चा नहीं हो सकी। वहीं जनपद पंचायत सीईओ केश्वरी देवांगन ने मामले में संबंधित विभागों से जानकारी लेने की बात कही। गांव में लंबे समय से बिजली और पानी की समस्या बनी हुई है। वर्षों पहले लगाए गए सोलर पैनल अब खराब हो चुके हैं। ग्रामीण लगातार मांग कर रहे हैं। हाल ही में सांसद के दौरे के दौरान भी समस्या रखी गई थी जहां जल्द समाधान का आश्वासन मिला है।

भारत यादव, सरपंच, ग्राम पंचायत समुंदपानी

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page