
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शहर के प्रमुख आस्था केंद्र श्री रूख्खड़ स्वामी मंदिर में एक माह से चल रहे श्रावण पर्व का समापन शनिवार को होगा। इस अवसर पर दोपहर 1 बजे से मंदिर परिसर में भोगराग महाप्रसादी (भंडारे) का आयोजन किया जाएगा। ट्रस्ट समिति ने आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रावण मास के दौरान मंदिर में प्रतिदिन जलाभिषेक, पंचामृत अभिषेक, पार्थिव शिवलिंग पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक कराया गया। प्रत्येक सोमवार को विशेष धार्मिक अनुष्ठान हुए। इसके अलावा भस्मलिंग का पूजन-अभिषेक भी किया गया। धार्मिक आयोजनों के साथ इस बार गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण को भी पर्व से जोड़ा गया। मंदिर समिति व श्रद्धालुओं ने प्रतिदिन गौसेवा के साथ पौधारोपण अभियान चलाया। वहीं श्रीमती प्रमिला सिंह गहरवार एवं परिवार की ओर से जय मां संतोषी रामायण मंडली द्वारा रामायण पाठ का आयोजन किया गया, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा। समापन अवसर पर आयोजित महाप्रसादी में नगर सहित आसपास के श्रद्धालुओं से परिवार सहित शामिल होने की अपील श्री रूख्खड़ स्वामी ट्रस्ट समिति ने की है। समिति के सदस्यों एवं सेवाभावी श्रद्धालुओं द्वारा भंडारे की व्यवस्थाएं संभाली जाएंगी।
