KCG

4321 परिवारों ने किया अपने पक्के आशियाने में गृह प्रवेश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने जिले के हजारों परिवारों के पक्के घर के सपने को साकार किया है। शुक्रवार को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में योजना के तहत नवनिर्मित 4321 आवासों का सामूहिक गृह प्रवेश कराया गया। इनमें जनपद पंचायत छुईखदान के 2404 और जनपद पंचायत खैरागढ़ के 1917 आवास शामिल हैं। हितग्राहियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलित कर अपने नए घर में प्रवेश किया। जिला स्तरीय गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन जनपद पंचायत खैरागढ़ की ग्राम पंचायत सलोनी में किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने हितग्राही रामबाई और सुदामा वर्मा के नवनिर्मित पक्के मकान में विधिवत पूजा-अर्चना कर गृह प्रवेश कराया।

इस दौरान हितग्राहियों को आभार पत्र खुशियों की चाबी और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जनपद पंचायत खैरागढ़ अध्यक्ष राजेश्री मिश्रा, जिला पंचायत सभापति भुनेश्वरी जीवन देवांगन, पूर्व सभापति घम्मन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल सहित पंचायत प्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। ग्राम पंचायत सलोनी के सरपंच सचिव और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इसी क्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार ने ग्राम खैरा नवापारा में आवास हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया और उन्हें ‘खुशियों की चाबी’ प्रदान की। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, जनपद सीईओ केशवरी देवांगन, सरपंच, पंच, सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण हुए मकानों को रंगोली और दीपों से सजाया गया। गृह प्रवेश के दौरान हितग्राहियों ने अपने परिवार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर नए घर में प्रवेश किया। घर मिलने की खुशी से हितग्राहियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा। राज्य स्तर पर सक्ती जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार के कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की गरिमामयी उपस्थिति में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत प्रदेश में 2 लाख से अधिक नवनिर्मित आवासों के सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page