KCG

लांझियाटोला पंचायत में भ्रष्टाचार के आरोप, जांच शुरू

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छुईखदान जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत लांझियाटोला में सरपंच और सचिव पर पंचायत के विकास कार्यों के नाम पर सरकारी राशि के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई कार्यों के नाम पर राशि का आहरण किया गया लेकिन कई काम या तो मौके पर हुए ही नहीं या अधूरे पड़े हैं। मामले में जनपद पंचायत स्तर पर जांच टीम गठित कर दी गई है। ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 13 के पंच पंचम राम चंदेल ने आरोप लगाया कि गांव में मुरुम डालने के नाम पर फर्जी बिल के माध्यम से भुगतान किया गया जबकि पिछले दो वर्षों में एक भी ट्रिप मुरुम नहीं डाली गई। इसी तरह नाली सफाई के नाम पर तीन से चार लाख रुपए निकाले जाने का आरोप है लेकिन नालियों की स्थिति जस की तस बनी हुई है। स्कूल में वाटर कूलर लगाने के लिए स्वीकृत राशि भी बिना काम कराए निकालने का दावा किया गया है। पंचम राम चंदेल के अनुसार आश्रित ग्राम बगमर्रा में करीब एक लाख रुपए की लागत से प्रस्तावित नाली निर्माण भी अधूरा है। उनका आरोप है कि निर्माण स्थल पर न मुरुम डाली गई और न ही गिट्टी बिछाई गई इसके बावजूद कार्य की पूरी राशि का भुगतान कर दिया गया। उन्होंने विभिन्न कार्यों को मिलाकर करीब 8 से 10 लाख रुपए की गड़बड़ी की आशंका जताई है। साथ ही शिकायत करने पर सरपंच द्वारा धमकी देने और प्रधानमंत्री आवास योजना से नाम काटने की बात कहकर दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है।

ग्राम पंचायत की उपसरपंच अंजीता बंजारे ने भी पंचायत के विभिन्न कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मुक्तिधाम निर्माण कचरा प्रबंधन नाली सफाई और स्कूल की छत मरम्मत जैसे कार्यों को कागजों में पूरा दर्शाया गया है जबकि मौके पर स्थिति अलग है। स्कूल भवन की मरम्मत नहीं होने के कारण बच्चों को पंचायत भवन में बैठाकर पढ़ाई कराई जा रही है। पंचायत भवन में पर्याप्त जगह नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपसरपंच ने प्रधानमंत्री आवास योजना में भी कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया। उनके मुताबिक सूची में नाम शामिल होने के बावजूद कुछ ग्रामीणों से 500-500 रुपए लिए गए जबकि संबंधित हितग्राहियों के बैंक खाते अब तक दर्ज नहीं किए गए हैं।

मामले में जनपद पंचायत छुईखदान की सीईओ केश्वरी देवांगन ने बताया कि शिकायत उनके संज्ञान में आई है। लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। जांच दल द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत किए जाने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल मामला जांच के अधीन है और जांच रिपोर्ट आने से पहले किसी तरह का निष्कर्ष या आश्वासन नहीं दिया जा सकता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page