
खैरागढ़ जिले के पदाधिकारियों ने रायपुर पहुंचकर दर्ज कराई सक्रिय सहभागिता
मंत्री गजेंद्र यादव को सौंपा मांगों का ज्ञापन
खैरागढ़। राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के आह्वान पर कर्मचारियों की 16 सूत्रीय मांगों को लेकर 1 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में एक दिवसीय सांकेतिक धरना आंदोलन एवं जंगी प्रदर्शन आयोजित किया गया। भारतीय मजदूर संघ (BMS) के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में खैरागढ़ जिले सहित प्रदेशभर से राज्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। खैरागढ़ जिले से राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोहर चंदेल, जिला अध्यक्ष कोमल नारायण वर्मा, जिला संयोजक रामेश्वर वर्मा, जिला सह-संयोजक अर्जुन वर्मा, चंदन मिंज और शिवकुमार राठौर सहित अन्य पदाधिकारी रायपुर पहुंचे। जिले के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की लंबित मांगों के समर्थन में प्रदर्शन में सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
मंत्री से डेढ़ घंटे तक हुई पदाधिकारियों की चर्चा
आंदोलन के बाद राज्य कर्मचारी संघ एवं विभिन्न महासंघों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार शिक्षा एवं विधि-विधायी मंत्री गजेंद्र यादव से सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की 16 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन मंत्री को सौंपा। इसके बाद कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर लगभग डेढ़ घंटे तक विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने महंगाई भत्ते के एरियर्स का भुगतान, चतुर्थ समयमान वेतनमान लागू करने और वेतन विसंगतियों का निराकरण सहित 16 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से रखा। कर्मचारियों ने लंबित मांगों का शीघ्र निराकरण किए जाने की मांग की।
मुख्यमंत्री के संज्ञान में मांगें पहुंचाने का आश्वासन
चर्चा के दौरान मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि विभिन्न महासंघों की मांगों के साथ राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ की 16 सूत्रीय मांगों को भी मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया जाएगा। साथ ही मांगों के निराकरण के लिए आवश्यक पहल किए जाने की बात कही। प्रदर्शन में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री राधेश्याम जायसवाल, क्षेत्रीय संगठन मंत्री सी.वी. राजेश, प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शोभा सिंह देव, प्रदेश महामंत्री शंखध्वनि बनाफर, प्रदेश वित्त सचिव ओमप्रकाश पाल, राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश महामंत्री बोधी राम निषाद सहित विभिन्न महासंघों के प्रदेश महामंत्री एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


