अनंत चतुर्दशी के साथ क्षेत्र में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू, खैरागढ़ में आज निकलेगी भव्य झांकियां

जिला मुख्यालय खैरागढ़ में प्रशासन ने तय किया विसर्जन मार्ग
मध्यरात्रि से पहले आयोजन पूरा करने के निर्देश
खैरागढ़। अनंत चतुर्दशी के पर्व के साथ ही खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया है। जिला मुख्यालय खैरागढ़ के साथ छुईखदान, गंडई सहित ग्रामीण अंचलों में श्रद्धालु विधि-विधान से गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं। घरों में स्थापित छोटी प्रतिमाओं को आसपास के तालाबों और छोटी नदियों में विसर्जित किया जा रहा है। खैरागढ़ और आसपास के क्षेत्रों में आमनेर, पिपरिया तथा मुस्का नदी सहित विभिन्न जलस्रोतों में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम जारी है। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों, डीजे आदि अन्य वाद्य विस्तारक यंत्रों और जयकारों के बीच भगवान गणेश को विदाई दे रहे हैं।
बारिश के कारण बदली विसर्जन झांकियों की तारीख
जिला मुख्यालय खैरागढ़ में भव्य विसर्जन झांकियां रविवार 27 सितंबर को निकाली जाएंगी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार झांकियां शनिवार 26 सितंबर को निकलनी थीं लेकिन क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण कार्यक्रम को एक दिन आगे बढ़ाया गया है।नगर के प्रमुख मार्गों से होकर विसर्जन झांकियां निकाली जाएंगी। जिला प्रशासन और पुलिस ने आयोजन को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। गणेशोत्सव समितियों को निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार झांकी निकालने तथा मध्यरात्रि से पहले विसर्जन प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई जारी
गणेश विसर्जन और झांकियों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा पिछले सप्ताहभर से असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध निगरानी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। ज्ञात होगी बीते वर्ष विसर्जन झांकी के दौरान खुलेआम एक युवक द्वारा दूसरे युवक को चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी इसके बाद इस वर्ष विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस पहले से ही अलर्ट मोड में है। पुलिस के अनुसार खैरागढ़ क्षेत्र में करीब 20 से अधिक ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई कर उन्हें जेल दाखिल कराया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।प्रशासन ने गणेशोत्सव समितियों, श्रद्धालुओं और नागरिकों से निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने तथा शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की है।
बारिश थमने के बाद आज निकलेगी विसर्जन झांकियां
भारी बारिश के चलते 26 सितंबर को प्रस्तावित गणेश विसर्जन झांकियों का कार्यक्रम अब 27 सितंबर को होगा। नगर के प्रमुख मार्गों से निकलने वाली झांकियों को निर्धारित रूट से ले जाने और मध्यरात्रि से पहले विसर्जन पूर्ण करने के निर्देश प्रशासन ने दिए हैं।