
खैरागढ़। ब्लॉक के ग्राम बघमर्रा में शनिवार सुबह करंट की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान लीलाधर वर्मा पिता संतुराम वर्मा निवासी ग्राम बघमर्रा के रूप में हुई है। जानकारी अनुसार लीलाधर शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर के बाथरूम में नहाने गया था। नहाने के बाद वह आंगन में कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए लोहे के तार पर गीले कपड़े डालने लगा। बताया जा रहा है कि लोहे के तार में विद्युत प्रवाह हो रहा था। जैसे ही गीला कपड़ा तार के संपर्क में आया लीलाधर करंट की चपेट में आ गया और तार से चिपक गया। काफी देर तक लीलाधर को तार से चिपका देखकर उसकी पत्नी ने आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उसे बचाने के प्रयास में पत्नी ने जैसे ही लीलाधर को हाथ लगाया उसे भी करंट का तेज झटका लगा और वह दूर जा गिरी। इसके बाद उसने तत्काल घर में मौजूद अन्य परिजनों को घटना की जानकारी दी।लीलाधर के पिता संतुराम वर्मा ने तुरंत घर का मुख्य विद्युत स्विच बंद किया। बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद लीलाधर तार से अलग होकर नीचे गिर पड़ा। परिजन उसे गंभीर हालत में तत्काल सिविल अस्पताल खैरागढ़ लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।