KCG

15 दिन तक चली सघन जांच, एक्सपायरी खाद्य सामग्रियों को किया गया नष्ट

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान सही दवा शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार अभियान के तहत जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा व्यापक जांच अभियान चलाया गया। 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक चले इस अभियान में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भी शामिल रही। अभियान के दौरान होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी, मिठाई दुकान, गन्ना जूस सेंटर, पैकेज्ड पानी यूनिट, किराना दुकान ठेला-गुमटी सहित मेडिकल स्टोर्स और अस्पतालों की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने लेकर राज्य स्तरीय प्रयोगशाला भेजे हैं वहीं औषधि शाखा ने मेडिकल दुकानों और फार्मेसी के अभिलेखों की जांच की। जांच के दौरान बाजार अतरिया स्थित वर्मा बेकर्स से एक्सपायरी माजा कोल्ड ड्रिंक की 11 बोतलें तथा वर्मा किराना स्टोर्स से एक्सपायरी नमकीन और कुरकुरे के 3 पैकेट नष्ट कराए गए। इसी तरह छुईखदान के कृष्णा बेकर्स से कोकोनट वाटर की 14 बोतलें कुरकुरे के 3 पैकेट और टोस्ट के 2 पैकेट नष्ट किए गए। नर्मदा खैरागढ़ स्थित मां नर्मदा डेली नीड्स से भी एक्सपायरी टोस्ट के 11 पैकेट जब्त कर नष्ट कराए गए। व्यापारियों को खाद्य पदार्थों में अखबारी कागज अखाद्य रंग और अधिक मात्रा में रंगों के उपयोग पर प्रतिबंध की जानकारी देते हुए खाद्य पंजीयन एवं लाइसेंस अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस और पेस्ट कंट्रोल प्रमाण पत्र रखने के निर्देश दिए गए। कई दुकानों में पंजीयन नहीं मिलने पर सुधार के निर्देश जारी किए गए जिसके बाद विभाग को लगभग 50 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 10 खाद्य पंजीयन जारी किए जा चुके हैं। अभियान के दौरान नमकीन, खोवा, चुस्की, पनीर सहित कुल 18 खाद्य नमूने परीक्षण के लिए भेजे गए। औषधि शाखा ने 14 मेडिकल प्रतिष्ठानों और 8 फैंसी स्टोर्स की जांच की जबकि दो निजी अस्पतालों और उनकी फार्मेसी का भी निरीक्षण किया गया। कोटपा अधिनियम 2003 के तहत सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू उत्पादों के विक्रय और भंडारण पर कार्रवाई करते हुए 13 विक्रेताओं पर कुल 1300 रुपये का चालान लगाया गया। इसके अलावा जिले के वैक्सीन स्टोरेज कोल्ड चेन इकाइयों और सिविल अस्पताल खैरागढ़ के औषधि भंडार का भी निरीक्षण किया गया। पूरे अभियान का संचालन कलेक्टर इन्द्रजीत चंद्रवाल के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं सह उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन डॉ.आशीष शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान में अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पाण्डेय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार घृतलहरे, औषधि निरीक्षक नवीन कुमार बघेल, सहायक ग्रेड-03 सतीश कुमार यादव सहित पुलिस और राजस्व विभाग की टीम सक्रिय रही है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page