
माता गायत्री से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना
युवा पीढ़ी को गुरु परंपरा के आदर्शों को अपनाने का किया आह्वान
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा ने छुईखदान स्थित गायत्री मंदिर पहुँचकर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ गुरु पूजन तथा विशेष हवन-पूजन में सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से संपन्न धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर उन्होंने माता गायत्री एवं गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेश और विधानसभा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर विधायक श्रीमती वर्मा ने उपस्थित आचार्यों, संतों, गायत्री परिवार के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं श्रद्धालुओं को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान ईश्वर के समान माना गया है। गुरु ही व्यक्ति के जीवन में ज्ञान, संस्कार और सदाचार का प्रकाश फैलाकर उसे सही मार्ग पर अग्रसर करते हैं तथा समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने सभी से गुरुजनों के आदर्शों एवं शिक्षाओं का अनुसरण करने का आह्वान करते हुए कहा कि आध्यात्मिक परंपराएँ हमारी सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण एवं संवर्धन करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। मंदिर परिसर में आयोजित विशेष हवन एवं गुरु पूजन कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे परिसर में गूँजते वैदिक मंत्रोच्चार, भजन एवं भक्तिमय वातावरण ने गुरु पूर्णिमा पर्व की गरिमा को और अधिक दिव्य एवं भव्य बना दिया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गायत्री परिवार के पदाधिकारी एवं सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
