KCGअपराध

13 साल से फरार स्थायी वारंटी राजनांदगांव से हुआ गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खैरागढ़ पुलिस ने 13 वर्षों से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को राजनांदगांव से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2012 में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में आरोपी रोहन तिवारी, पिता शिव तिवारी, निवासी राजनांदगांव के विरुद्ध अपराध धारा 420 भारतीय दंड संहिता के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। न्यायालय से जमानत मिलने के बाद वह वर्ष 2013 से लगातार फरार था। निर्धारित तिथियों पर न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के कारण उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था। विशेष अभियान के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी के राजनांदगांव में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि जिले में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी वांछित या फरार व्यक्ति की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें ताकि समय पर वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page