
गर्भवती माताओं व महिलाओं को पोषण, स्वच्छता और गर्भावस्था में देखभाल की दी गई जानकारी
बाजार अतरिया। राज्यपाल गोदग्राम ग्राम पंचायत सोनपुरी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती माताओं, महिलाओं एवं बच्चों ने सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता तथा आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से संचालित सेवाओं के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सरपंच सीमा गुनेश वर्मा उपस्थित रहीं। इस अवसर पर जिला पंचायत प्रतिनिधि नरेश कुर्रे, मंडल अध्यक्ष देवकुमार सेन, महामंत्री उत्तम वर्मा एवं रोहित जांघेल सहित ग्रामीणजन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, गर्भवती माताएं एवं महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की जानकारी दी गई साथ ही महिलाओं एवं बच्चों के पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाली विभिन्न सेवाओं और सुविधाओं का नियमित लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण एवं पारंपरिक खाद्य सामग्री की प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों तथा संतुलित आहार के महत्व को समझाया गया। उपस्थित महिलाओं को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और शारीरिक विकास के लिए उचित पोषण की आवश्यकता के संबंध में भी जानकारी दी गई।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ एवं सशक्त परिवार की आधारशिला हैं। गर्भवती माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य तथा पोषण को लेकर परिवार एवं समाज को निरंतर जागरूक रहना आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से उपलब्ध पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का नियमित रूप से लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता तथा गर्भावस्था के दौरान आवश्यक देखभाल को लेकर ग्रामीण महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
