
10 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
गंडई-पंडरिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इकाई साल्हेवारा के कार्यकर्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सेवा कार्यों में सहभागिता के साथ विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं को लेकर भी आवाज बुलंद की है। इसी क्रम में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी/अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, साल्हेवारा में शिक्षकों की कमी को दूर करने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। एबीवीपी द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय में लंबे समय से कई महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के पद रिक्त हैं। इसके चलते विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित होने के साथ ही विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। परिषद के अनुसार विद्यालय में अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, संस्कृत, अंग्रेजी, हिंदी एवं रसायन विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों की कमी बनी हुई है। शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को संबंधित विषयों की पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि समय पर पाठ्यक्रम पूरा नहीं होने और विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी का सीधा प्रभाव विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी एवं परिणाम पर पड़ सकता है। ऐसे में विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का तत्काल निराकरण किया जाना आवश्यक है।
