समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिखाई तल्खी, कहा- लंबित प्रकरणों का करें समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण

एग्रीस्टेक में शत-प्रतिशत किसान पंजीयन व शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर
ई-ऑफिस संचालन और ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ की तैयारियों की हुई समीक्षा
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय, नियमित मॉनिटरिंग और जवाबदेही आवश्यक है। बैठक में एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसानों के पंजीयन की तहसीलवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कृषि योजनाओं का लाभ किसी भी पात्र किसान से वंचित नहीं रहना चाहिए। सेवा सेतु के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री जनशिकायत, सीएम हेल्पलाइन तथा अन्य शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने को कहा। बैठक में आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली की भी समीक्षा की गई। सभी विभागों को प्रतिदिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रिपोर्ट साझा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नियमित एवं समय पर उपस्थिति दर्ज कराने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया। कार्यालयीन कार्यों में गति और पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन पर विशेष बल दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासकीय फाइलों का अधिकतम संचालन डिजिटल माध्यम से किया जाए, ताकि कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो सके। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने बैठक में ‘नियद नेल्लानार 2.0’ अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि पात्र हितग्राहियों की पहचान के लिए जिलेभर में सर्वे, सत्यापन एवं पंजीयन अभियान चलाया जाएगा। ग्राम स्तरीय दल घर-घर पहुंचकर योजनाओं से वंचित पात्र परिवारों की पहचान करेंगे और उन्हें संबंधित शासकीय योजनाओं से जोड़ा जाएगा। बैठक में 7 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान हर घर तिरंगा अभियान, तिरंगा यात्रा, मशाल रैली, देशभक्ति गीत प्रतियोगिता, संगोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य प्रतियोगिता सहित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के बाद जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायतों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन कराया जाएगा। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर ऑडियो-वीडियो बूथ स्थापित कर नागरिकों को अपना गायन रिकॉर्ड कर अभियान पोर्टल पर अपलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी विभागों को जनहित से जुड़े कार्यों में गंभीरता बनाए रखने, शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, अपर कलेक्टर सुमन राज सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।