KCG

67 करोड़ की सड़क पर हादसों का खतरा, आखिर किसकी जिम्मेदारी?

खैरागढ़। करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई सड़क यदि सुरक्षित सफर की गारंटी नहीं दे पा रही है तो निर्माण की गुणवत्ता और जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजिमी है। धमधा–रोहंदा–जोरातराई–अतरिया–खैरागढ़ मार्ग पर सड़क की ऊंचाई-नीचाई और असमान सतह वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को यहां संभलकर चलना पड़ रहा है। धरमपुरा वार्ड के एक स्थानीय नागरिक ने दावा किया है कि इस मार्ग पर रोजाना 4 से 5 सड़क हादसे हो रहे हैं।

जानकारी अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य सड़क क्षेत्र परियोजना के तहत एशियन डेवलपमेंट बैंक की सहायता से वर्ष 2018 से 2021 के बीच लगभग 67 करोड़ रुपये की लागत से 39.25 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का चौड़ीकरण एवं उन्नयन किया गया था। इसके बावजूद सड़क के कई हिस्सों में ऊंचाई-नीचाई और असमान सतह की समस्या सामने आ रही है। इससे निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने इसी मार्ग पर स्थित सरकारी शराब दुकान के आसपास भी यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि यहां बड़ी संख्या में दोपहिया वाहनों से लोगों का आवागमन होता है। शराब सेवन के बाद वाहन चलाने की आशंका भी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा सकती है। हालांकि हादसों के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकती है।

स्थानीय नागरिकों का रोजाना 4 से 5 दुर्घटनाओं का दावा गंभीर है। ऐसे में पुलिस और संबंधित विभाग को दुर्घटनाओं के रिकॉर्ड की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। लोगों ने सड़क का तकनीकी निरीक्षण कराने, ऊंचे-नीचे हिस्सों को दुरुस्त करने, दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेतक लगाने और शराब दुकान के आसपास यातायात निगरानी बढ़ाने की मांग की है। सवाल यह है कि लगभग 67 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी सड़क की खामियां दूर क्यों नहीं हुईं? क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना आखिर किसकी जिम्मेदारी है?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page