
लगातार पांच माह से बैठकों में अनुपस्थिति बनी वजह
सचिव ने कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं दिया
आरटीआई आवेदनों के समय पर निराकरण नहीं करने पर भी हुई कार्रवाई
सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही, विभागीय निर्देशों की लगातार अनदेखी तथा अनुशासनहीनता के आरोप में ग्राम पंचायत दनिया के सचिव बुधारु राम धुर्वे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में जिला पंचायत खैरागढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा निलंबन आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के अनुसार सचिव बुधारु राम धुर्वे पिछले लगभग पांच माह के दौरान जनपद पंचायत छुईखदान मुख्यालय में आयोजित विभागीय बैठकों से बिना किसी वैध कारण के लगातार अनुपस्थित रहे। बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद उन्होंने अपनी उपस्थिति सुनिश्चित नहीं की। विभाग की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस का भी लापरवाह सचिव ने निर्धारित समय सीमा में कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया। इसके अलावा सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम-2005 के तहत प्राप्त आवेदनों का समय पर निराकरण नहीं करने की शिकायत भी उनके विरुद्ध दर्ज हुई थी जिसे विभाग ने गंभीरता से लिया। जिला पंचायत ने इन सभी कृत्यों को शासकीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना मानते हुए छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियमों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन अवधि के दौरान बुधारु राम धुर्वे का मुख्यालय जनपद पंचायत खैरागढ़ निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता (सब्सिस्टेंस अलाउंस) देय होगा।
