

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए ग्राम रोड अतरिया में ग्रामीणों की पहल पर आयुष्मान प्याऊ घर शुरू किया गया है। ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति वीएचएसएनसी द्वारा स्थापित इस प्याऊ घर के माध्यम से राहगीरों, किसानों और मजदूरों को ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। गर्मी के दिनों में लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस प्याऊ घर का लाभ प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं राहगीर उठा रहे हैं। इससे लू, डिहाइड्रेशन और गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाव में मदद मिल रही है। जिले में हीट स्ट्रोक और तापघात से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा गांव-गांव में लोगों को गर्मी से बचने के उपाय बताए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन एवं मानव स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि तेज धूप में निकलने से बचना पर्याप्त पानी पीना और सिर ढंककर बाहर निकलना बेहद जरूरी है। विशेष रूप से सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में अनावश्यक रूप से जाने से बचने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, कमजोरी, अत्यधिक प्यास, सिरदर्द, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण महसूस हों तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। ग्राम रोड अतरिया में शुरू किया गया आयुष्मान प्याऊ सामुदायिक सहभागिता का बेहतर उदाहरण बनकर सामने आया है। इस दौरान जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


