KCG

लगातार बारिश से जिले में बढ़ा जलस्तर, कलेक्टर ने नागरिकों से की सावधानी की अपील

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसे देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आम नागरिकों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान छोटी-सी असावधानी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है इसलिए सभी लोग सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। कलेक्टर ने कहा कि बारिश के चलते कई स्थानों पर नदी-नालों में तेज बहाव है। ऐसे में बाढ़ का नजारा देखने पिकनिक मनाने या सेल्फी लेने के उद्देश्य से जलस्रोतों के पास जाना खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से जोखिम उठाने से बचने और अभिभावकों से बच्चों पर नजर बनाए रखने का आग्रह किया। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से भी अपील की गई है कि पानी से लबालब पुल पुलिया और रपटों को पार करने का प्रयास न करें। यदि किसी मार्ग पर पानी बह रहा हो तो सुरक्षित स्थान पर रुकें और जलस्तर सामान्य होने के बाद ही आगे बढ़ें। इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने बताया कि जिला प्रशासन ने संभावित आपदा से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां कर ली हैं। पुलिस नगर सेना राजस्व और आपदा प्रबंधन की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैयार हैं। उन्होंने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति या बाढ़ संबंधी सूचना मिलने पर तत्काल जिला प्रशासन अथवा बाढ़ नियंत्रण कक्ष को अवगत कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और आमजन के सहयोग तथा सतर्कता से ही बरसात के दौरान संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page