KCG

रेंगाकठेरा में अवैध शराब बिक्री से ग्रामीण परेशान

सत्यमेव न्यूज जालबांधा। जालबांधा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम रेंगाकठेरा में कथित रूप से खुलेआम अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार संचालित हो रहा है। इसके चलते शाम के समय शराबियों का जमावड़ा बढ़ जाता है और गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस एवं आबकारी विभाग से मामले की जांच कर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार देवराज नामक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। आरोप है कि करण नामक व्यक्ति द्वारा प्रतिदिन करीब 5 से 7 पेटी शराब बिक्री के लिए उपलब्ध कराई जाती है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि देवराज की शारीरिक दिव्यांगता का कथित रूप से फायदा उठाकर शराब के कारोबार को संचालित किया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है लेकिन अब शराब मामले में अगर निष्पक्ष जांच हो तो बड़ा खुलासा हो सकता है।

ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब बिक्री के कारण शाम होते ही गांव में शराबियों की भीड़ बढ़ जाती है। इससे महिलाओं को घर से बाहर निकलने में असहजता महसूस होती है वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

ग्रामीणों ने जालबांधा स्थित शराब दुकान से आसपास के गांवों में शराब की कथित आपूर्ति किए जाने का भी आरोप लगाया है। उनका सवाल है कि यदि गांव में बड़े पैमाने पर अवैध शराब पहुंच रही है तो इसकी सप्लाई का स्रोत क्या है और इसके पीछे कौन लोग हैं। ग्रामीणों ने शराब दुकान के संचालन में कथित अनियमितताओं की भी जांच की मांग की है और दावा है कि शराब दुकान में ओवररेटिंग और मनमाने तरीके से शराब बिक्री की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसके अलावा दुकान के कर्मचारियों पर शराबियों के साथ कथित मारपीट के आरोप भी ग्रामीणों ने लगाए हैं। इन आरोपों की भी जांच की मांग की गई है।

ग्रामीणों ने कुछ माह पूर्व जालबांधा शराब दुकान से जुड़े कथित नकली अथवा मिलावटी शराब प्रकरण का भी हवाला दिया। उनका कहना है कि उस मामले में दुकान के मैनेजर सहित कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई थी और जेल भेजे जाने की बात सामने आई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद क्षेत्र में शराब की अवैध बिक्री और कथित अनियमितताओं पर पूरी तरह रोक नहीं लग सकी है।

ग्रामीणों ने पुलिस एवं आबकारी विभाग से रेंगा कठेरा सहित जालबांधा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने शराब की सप्लाई के स्रोत, बिक्री में शामिल लोगों और यदि किसी स्तर पर संरक्षण दिया जा रहा है तो उसकी भी जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मामला केवल अवैध शराब बिक्री तक सीमित नहीं है बल्कि इससे गांव की कानून-व्यवस्था और महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है। अब ग्रामीणों की शिकायतों और लगाए गए आरोपों पर पुलिस तथा आबकारी विभाग की जांच और कार्रवाई का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page