
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का लिया संकल्प
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर 20 अगस्त को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुईखदान द्वारा सद्भावना दिवस मनाया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामकुमार पटेल के नेतृत्व में स्थानीय कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वक्ताओं ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व कृतित्व और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने आधुनिक भारत के निर्माण तकनीकी एवं संचार क्षेत्र के विस्तार तथा युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार और देशहित में किए गए कार्य आज भी लोगों को प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आपसी भाईचारा शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने तथा राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

