
बाइक अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकराई

तीसरा साथी गंभीर; पर्व की तैयारियों के बीच परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। रक्षाबंधन पर्व से ठीक एक दिन पहले एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जिन बहनों के हाथों में अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने की उम्मीद थी उनके सामने अब अपने ही भाइयों की अर्थी उठ गई। ठेलकाडीह थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकराने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी अनुसार बुधवार दोपहर करीब 1 बजे ग्राम महरूमकला और ठेलकाडीह के बीच मोड़ के पास यह हादसा हुआ। पास के ग्राम बासुला निवासी टिकेश वर्मा (20), उसका छोटा भाई आदित्य वर्मा (18) और उनका साथी खेमेश्वर वर्मा (18) एक ही बाइक पर सवार होकर महरूमकला से ठेलकाडीह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि टिकेश वर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया वहीं गंभीर रूप से घायल उसके छोटे भाई आदित्य को तत्काल उपचार के लिए रायपुर ले जाया जा रहा था लेकिन सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट के कारण रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। हादसे में तीसरे साथी खेमेश्वर वर्मा को भी गंभीर चोटें आई है जिसका हॉस्पिटल में उपचार जारी है। बताया गया है कि हादसे के समय खेमेश्वर बाइक में सबसे पीछे बैठा था। टक्कर के दौरान वह उछलकर सड़क किनारे घास वाली जमीन पर जा गिरा जिससे उसे गंभीर चोटें तो आई है लेकिन वह अभी जानलेवा खतरे से बाहर बताया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही ठेलकाडीह पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की।
दोनों भाइयों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजनांदगांव स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया था। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। इसके बाद दोनों भाइयों का उनके गृहग्राम में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। रक्षाबंधन के ठीक पहले हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिवार में पर्व को लेकर जो तैयारियां चल रही थी वे अचानक मातम में बदल गईं। दो बहनों के लिए रक्षाबंधन का यह पर्व जीवनभर की ऐसी पीड़ा छोड़ गया जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।