

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में संचालित जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य का निरीक्षण करने कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल गुरुवार को विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम मुढ़ीपार पहुंचे। उन्होंने मौके पर प्रगणकों द्वारा किए जा रहे सर्वेक्षण की प्रक्रिया का जायजा लिया और घर-घर पहुंचकर दर्ज की जा रही जानकारी का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य पूरी पारदर्शिता, गंभीरता और सटीकता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की आधारशिला होते हैं, इसलिए प्रत्येक परिवार और मकान से संबंधित जानकारी सही ढंग से दर्ज होना जरूरी है। उन्होंने सर्वेक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा निर्धारित प्रपत्रों को सावधानीपूर्वक भरने के निर्देश दिए। साथ ही प्रगणकों से चर्चा कर मैदानी कार्य में आ रही समस्याओं की भी जानकारी ली। इस अवसर पर एसडीएम खैरागढ़ टंकेश्वर प्रसाद साहू सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
