सुशासन तिहार में आमगांव को मिली नई सौगात, टेंट-बर्तन सामग्री से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सुशासन तिहार के दौरान ग्राम आमगांव के ग्रामीणों को रोजगार और सामाजिक सुविधाओं से जुड़ी एक महत्वपूर्ण सौगात मिली। खैरागढ़ वनमण्डल की पहल पर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा राज्य कैम्पा मद अंतर्गत ग्राम के समाज प्रमुख विष्णु ठाकरे को टेंट एवं बर्तन सामग्री उपलब्ध कराई गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम के दौरान सामग्री वितरित किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सामग्री मिलने से गांव में सामाजिक एवं पारंपरिक आयोजनों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता आसान होगी। ग्रामीणों का कहना है कि टेंट और बर्तन सामग्री का उपयोग विवाह, सामुदायिक कार्यक्रम तथा अन्य आयोजनों में किया जा सकेगा जिससे स्थानीय स्तर पर आय के नए अवसर भी तैयार होंगे। इससे गांव के लोगों को छोटे स्तर पर रोजगार से जुड़ने का मौका मिलेगा। समाज प्रमुख विष्णु ठाकरे ने शासन और वन विभाग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सहयोग गांव के लिए उपयोगी साबित होगा। ग्रामीणों ने भी इस पहल को आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक कदम बताया है।



