
न्याय की मांग को लेकर युवाओं ने निकला कैंडल मार्च
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ के चिचोला निवासी 14 वर्षीय बालिका की निर्मम व जघन्य हत्या से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। घटना के विरोध में ग्रामीणों, युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर कैंडल मार्च निकालते हुए आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग उठाई। जानकारी अनुसार 28 मार्च 2026 को बालिका अपने मामा के विवाह कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम पिपरिया आई हुई थी। रात लगभग 11:30 बजे वह अचानक लापता हो गई। परिजनों द्वारा देर रात तक खोजबीन किए जाने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चलने पर खैरागढ़ थाना में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि मोहन वर्मा, हरीश वर्मा एवं एक नाबालिग ने कथित रूप से बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से बालिका के कपड़े बदलवाए और उसका मोबाइल फोन नष्ट कर दिया। इसके बाद वे उसे ट्रेन से बिलासपुर की ओर ले गए। ज्ञात हो कि जयरामनगर स्टेशन के समीप किसी विवाद के दौरान आरोपियों ने चलती ट्रेन से बालिका को नीचे धक्का दे दिया जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। शाम को ग्राम चिचोला में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कैंडल मार्च निकालकर ‘न्याय दो’ के नारे लगाए। कैंडल मार्च अवंति चौक से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः वहीं समाप्त हुआ। इस दौरान लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत बालिका को श्रद्धांजलि अर्पित की। ग्रामीणों ने घटना को मानवता को झकझोर देने वाला बताते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की साथ ही मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की भी मांग उठाई गई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध अपहरण, हत्या एवं साक्ष्य छिपाने जैसी गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है। बहरहाल इस लोमहर्षक व दर्दनाक घटना ने केवल पूरे खैरागढ़ क्षेत्र सहित समाज के लिए एक गंभीर चिंता छोड़ दी है और अब आमजन पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग पर एकजुट नजर आ रहे हैं।

