शिक्षा

महिला जागरूकता शिविर में महिलाओं को उनके अधिकारों की दी गई जानकारी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ग्राम पेंड्री कला में महिला जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को उनके अधिकारों एवं विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजनांदगांव के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार होता के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि शर्मा उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष 8 मार्च को मनाया जाने वाला महिला दिवस केवल एक तिथि नहीं बल्कि उन करोड़ों महिलाओं के संघर्ष साहस और उपलब्धियों का उत्सव है जिन्होंने अपनी मेहनत से समाज और इतिहास की दिशा बदल दी। उन्होंने कहा कि आज की महिला घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं है बल्कि शिक्षा विज्ञान खेल और रक्षा जैसे क्षेत्रों में भी अपनी क्षमता का परिचय दे रही है। उन्होंने कहा कि महिला दिवस के अवसर पर केवल उपलब्धियों का जश्न ही नहीं बल्कि ऐसा समाज बनाने का संकल्प लेना भी आवश्यक है जहां हर बेटी को अपने सपनों को पूरा करने का समान अवसर और सुरक्षित वातावरण मिल सके। कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी आकांक्षा खलखो ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी महिलाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध, मोटरयान अधिनियम, दहेज प्रताड़ना निवारण अधिनियम, पीसीपीएनडीटी एक्ट तथा सार्वजनिक स्थानों और कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी। पैरालीगल वॉलिंटियर गोलूदास ने महिलाओं को घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005, छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम 2005, निःशुल्क विधिक सहायता नालसा टोल फ्री नंबर 15100, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित भरण पोषण संबंधी कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। इस दौरान उपस्थित महिलाओं ने अपनी समस्याएं न्यायिक अधिकारियों के समक्ष रखीं जिनका समाधान भी बताया गया। कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत पेंड्री कला के सरपंच भानसिंह, सचिव सहित उपस्थित अतिथियों महिलाओं और सभी सहयोगियों के प्रति महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना खैरागढ़ द्वारा आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि न्याय विभाग महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना विभाग के कर्मचारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और आसपास के गांवों की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page