
डॉ.केवी राव ने किया शैक्षणिक संस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। लोक शिक्षा संभाग दुर्ग के प्रभारी संयुक्त संचालक डॉ.केवी राव ने सोमवार को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के शिक्षा विभाग और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया है। उन्होंने सबसे पहले जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। इसके बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय खैरागढ़ पहुंचकर वहां के कार्यों की समीक्षा की है। निरीक्षण के दौरान डॉ.राव ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरागढ़ का भी दौरा किया। यहां उन्होंने कक्षा 12वीं की छात्राओं से संवाद करते हुए नियमित अध्ययन अनुशासन और बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं से विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे जिनका विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ संतोषजनक उत्तर दिया है। संयुक्त संचालक ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे ब्लूप्रिंट के अनुरूप प्रत्येक अध्याय का व्यवस्थित अध्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन दैनंदिनी तैयार करते हुए उसमें पाठ की रूपरेखा अध्यापन पद्धति तथा विद्यार्थियों को दिए गए गृहकार्य का स्पष्ट उल्लेख किया जाए। साथ ही प्रत्येक शिक्षक विषय की पूरी तैयारी के साथ समय पर विद्यालय पहुंचकर निर्धारित समय सारिणी के अनुसार अध्यापन कार्य संपादित करें। इसके बाद डॉ. राव ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) खैरागढ़ तथा सेजेस बक्सी विद्यालय का भी निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया है। निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक के. के. शुक्ला, पुष्पा पुरुषोत्तम, विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलम सिंह राजपूत, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी के. एल. अमेला तथा खंड स्रोत समन्वयक सुजीत चौहान उपस्थित रहे।


