KCG

पत्रकार से मारपीट की घटना पर विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने जताया कड़ा विरोध

खैरागढ़। बंसल न्यूज के संवाददाता किशोर सोनी के साथ खबर संकलन के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा की गई मारपीट की घटना को लेकर विरोध तेज हो गया है। घटना के विरोध में पत्रकारों द्वारा आयोजित धरना-प्रदर्शन में विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन शामिल हुए। उन्होंने पत्रकारों की मांगों का समर्थन करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।इस दौरान मनराखन देवांगन ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। अपराध और असुरक्षा से आम जनता पहले ही परेशान है वहीं अब लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व नागरिकों की सुरक्षा करना और कानून का पालन सुनिश्चित कराना है, न कि वर्दी और पद का दुरुपयोग कर किसी की आवाज दबाना। उन्होंने कहा कि पुलिस को कानून का रक्षक बनाया गया है न कि कानून की मर्यादा तोड़ने वाला। जब कानून की रक्षा करने वाले ही नियमों को ताक पर रखने लगें तो आम नागरिक न्याय की उम्मीद किससे करेगा? उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा शासन में वर्दी की आड़ में मनमानी करने की छूट मिल गई है? श्री देवांगन ने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, बढ़ते अपराध, युवाओं में नशे की प्रवृत्ति और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि पत्रकार पर हमला केवल एक व्यक्ति के साथ हुई घटना नहीं है बल्कि यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि संबंधित आरक्षक का निलंबन केवल प्रारंभिक कार्रवाई है। पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर मारपीट में शामिल सभी जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून को प्रभावी रूप से लागू कर पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कलम और कैमरे की आवाज को लाठी और वर्दी के दम पर दबाया नहीं जा सकता। पत्रकार लोकतंत्र की आवाज हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार एवं पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है। पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और न्याय की लड़ाई में वे हर स्तर पर उनके साथ खड़े रहेंगे। पत्रकारों के आंदोलन को समर्थन देने के लिए नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, पार्षद पुरुषोत्तम वर्मा, शेखर दास वैष्णव, अजय देवांगन, गिरीश सारथी, हरिदर्शन ढीमर, विनोद सिन्हा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page