KCGछत्तीसगढ़

44 डिग्री की तपिश में उबला गुस्सा: लालपुर वार्ड में पानी-सफाई व्यवस्था ध्वस्त

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भीषण गर्मी और 44 डिग्री तापमान के बीच वार्ड क्रमांक 10 लालपुर में पेयजल और सफाई व्यवस्था की खराब हालत को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। रविवार को क्षेत्रीय विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा के निर्देश पर शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने वार्ड का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और नागरिकों की समस्याएं सुनीं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन और नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन के नेतृत्व में पहुंची टीम के सामने बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने खुलकर नाराजगी जताई। लोगों ने बताया कि पेयजल संकट गहराने से घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा जिससे तेज गर्मी में परेशानी और बढ़ गई है। वहीं लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं होने के कारण गंदगी और बदबू फैली हुई है तथा कई स्थानों पर कचरे के ढेर लगे हैं। वार्डवासियों ने यह भी बताया कि सार्वजनिक शौचालय में बिजली नहीं होने से रात में उपयोग करना जोखिम भरा हो गया है और सांप बिच्छू का खतरा बना रहता है। शौचालय के पास लगे बिजली खंभे में भी बल्ब नहीं होने की शिकायत सामने आई। लोगों ने भाजपा पार्षद पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को लाभ नहीं मिलने और आवेदनों के लंबित रहने की बात भी कही गई।

इस दौरान वार्डवासियों ने लालपुर एनीकट में पानी भरवाने को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन पर आभार जताया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि पार्टी लगातार वार्डों का दौरा कर रही है और समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में नगर पालिका के सीएमओ पुनीत वर्मा से फोन पर चर्चा कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने नगरपालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि पानी सफाई और शौचालय में बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं बहाल नहीं होने तक कांग्रेस का जनहित आंदोलन जारी रहेगा। दौरे के दौरान रविंद्र सिंह गहरवार, शेखर दास वैष्णव, सूर्यकांत यादव, महेश यादव, कन्हैया रजक, यतेंद्र जीत सिंह, विनोद यादव, नोहर मरकामडे, मंचू निषाद, देवशरण जोशी, भूपेंद्र जोशी, अशोक मेंद्री, किशोर बारले, कृपाराम सहित अन्य कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page