सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में एक बार फिर सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जालबांधा चौकी क्षेत्र के ग्राम रंगकठेरा में सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। जानकारी अनुसार ग्राम रंगकठेरा निवासी जगन्नाथ वर्मा (36 वर्ष) बुधवार 26 मई की दोपहर करीब 1:40 बजे एबीएस मुर्गी फार्म से काम कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शक्ति मंदिर के सामने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चल रहे एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि जगन्नाथ वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चे छोड़ गए। परिवार के एकमात्र सहारे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है वहीं पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
