अपराध

पशु तस्करी पर पुलिस की लगातार कार्रवाई: गंडई से 2 आरोपी गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत केसीजी पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। थाना गंडई पुलिस ने पशु तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार 07 जून को जुर्म-जरायम पतासाजी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन (क्रमांक CG 04 NB 1804) में कुछ लोग कमजोर मवेशियों को बिना चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक भरकर महाराष्ट्र स्थित कत्लखाने ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बुढ़ासागर रोड स्थित सुरही नदी पुलिया के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। जांच के दौरान वाहन में 4 नग भैंसा पड़वा को रस्सियों से बांधकर अमानवीय तरीके से परिवहन करते हुए पाया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान थम्मन लाल बिसेन (48 वर्ष) एवं माखन लाल पवार (58 वर्ष) दोनों निवासी ग्राम करोंदा, थाना बिरखा, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से 4 भैंसा पड़वा (अनुमानित कीमत ₹38,000) एवं घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन (अनुमानित कीमत ₹2,50,000) जप्त किया। कुल जप्त मशरूका की कीमत लगभग ₹2,88,000 आंकी गई है। इस मामले में थाना गंडई में अपराध क्रमांक 181/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है वहीं विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों, विशेषकर पशु तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page