KCGअपराध

जमीन विवाद में मारपीट और धमकी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जमीन संबंधी विवाद को लेकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में खैरागढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी और सब्बल भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम मालूद निवासी मन्नूराम वर्मा (58) ने थाना खैरागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 अगस्त 2026 को जमीन संबंधी विवाद को लेकर आरोपियों ने उसके और उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान टांगी और सब्बल से हमला करने के साथ जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया था। रिपोर्ट के आधार पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 293/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2), 118(1), 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने घायलों का शासकीय सिविल अस्पताल खैरागढ़ में चिकित्सकीय परीक्षण कराया। घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया गया तथा प्रार्थी आहतों और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने ग्राम मालूद निवासी कमल वर्मा (40), पिता मनोहर वर्मा तथा मनोहर वर्मा (60), पिता स्व. विसाहू वर्मा को 24 अगस्त को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हथियारों के संबंध में पूछताछ की। आरोपियों की निशानदेही पर टांगी और सब्बल की जप्ती की कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें जेल दाखिल करने का आदेश दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

खैरागढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जमीन अथवा अन्य किसी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें। विवाद होने पर तत्काल पुलिस अथवा सक्षम न्यायिक एवं प्रशासनिक माध्यम से सहायता लेकर मामले का शांतिपूर्ण एवं कानूनी समाधान करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page