Uncategorized

गाँधी जयंती मे स्वच्छ भारत दिवस पर खैरागढ़ में हुआ स्वच्छता नायकों का सम्मान

खैरागढ़। स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर जिले में स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वच्छाग्राहियों, स्वच्छता दीदियों, ग्राम पंचायतों और सहयोगी टीमों को सम्मानित किया गया। जिला पंचायत एवं नगरपालिका परिषद खैरागढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता को जनभागीदारी से जन-अभ्यास बनाने का संदेश दिया गया।कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल के निर्देशन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर ग्राम पंचायत मदनपुर, अतरिया और दिलीपपुर के स्वच्छाग्राहियों ने अनुपयोगी सामग्री से तैयार की गई आकर्षक ‘वेस्ट टू आर्ट’ सामग्री का प्रदर्शन किया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक नियंत्रण तथा जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के तहत 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जिले के पर्यटन स्थलों में श्रमदान और विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया वहीं 1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक साथ, एक घंटा’ अभियान के तहत जिलेभर में सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त ग्राम एवं शहर के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने स्वच्छता गतिविधियों में नागरिकों की निरंतर भागीदारी पर जोर दिया।नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरजा चंद्राकर ने नगरपालिका द्वारा प्लास्टिक रोकथाम और स्वच्छता के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए नागरिकों से सहयोग की अपील की। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजेश्री त्रिपाठी ने घरों से निकलने वाले कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण करने तथा चार प्रकार के कचरे को अलग-अलग एकत्र करने की अपील की। उन्होंने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल ने कहा कि स्वच्छता अभियान को प्रभावी और स्थायी बनाने में ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता महत्वपूर्ण है। स्वच्छता को नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने से ही इसके स्थायी परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान की अवधि तक सीमित रखने के बजाय इसे दैनिक जीवन और व्यवहार का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। जनभागीदारी और निरंतर प्रयासों से ही स्वच्छता का संदेश स्थायी रूप से समाज में स्थापित किया जा सकता है।

कार्यक्रम में स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगरपालिका के कमांडो दल, स्वच्छता दीदियों, स्वच्छाग्राही समूहों और ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। अमलीडीह, अतरिया, आवेली, मुड़ीपार, टेकापार, सोनपुरी, भोथीली, गोपालपुर, झूरानदी, कामठा, मदनपुर, रुसे और चारभंठा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों को स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, समाजसेवी विकेश गुप्ता, घम्मन साहू, श्रीमती नीलिमा गोस्वामी, शैलेन्द्र मिश्रा, रूपेंद्र रजक, शैलेन्द्र त्रिपाठी एवं श्रीमती नीलम राजपूत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छाग्राही और स्वच्छता दीदियां उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page