गाँधी जयंती पर कलेक्ट्रेट में चला वृहद स्वच्छता अभियान जनप्रतिनिधियों अधिकारियों ने किया श्रमदान
महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने का आह्वान
खैरागढ़। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को खैरागढ़ कलेक्टोरेट परिसर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।अभियान में खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला पंचायत सभापति दिनेश साहू एवं घम्मन साहू, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल तथा अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। परिसर की सफाई कर दिया व्यवहार में स्वच्छता का संदेशस्वच्छता अभियान के दौरान कलेक्टोरेट परिसर के विभिन्न हिस्सों में साफ-सफाई की गई। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वयं श्रमदान करते हुए इधर-उधर बिखरे कचरे को एकत्र किया और निर्धारित स्थान पर पहुंचाया। परिसर के आसपास के क्षेत्रों की भी सफाई की गई। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि, स्वच्छता का लिया संदेशकार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर गांधीजी के स्वच्छता, सादगी और जनभागीदारी से जुड़े विचारों को स्मरण करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति, संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि यह सामूहिक सहभागिता से जुड़ा दायित्व है। घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। स्वच्छ वातावरण का सीधा संबंध बेहतर स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ सामाजिक जीवन से है।
जिलेभर में जारी हैं जनभागीदारी से जुड़े आयोजन
सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत जिले में स्वच्छता, जनभागीदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। गांधी जयंती पर कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान ने इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए लोगों को स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।



