छत्तीसगढ़

गंडई नगर में मच्छरों का बढ़ता प्रकोप, फॉगिंग व्यवस्था ठप

सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। भीषण गर्मी के बीच गंडई नगर में मच्छरों का बढ़ता प्रकोप लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। दिन ढलते ही नगर के विभिन्न वार्डों में मच्छरों का आतंक बढ़ जाता है जिससे नागरिकों का घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है। गर्मी और उमस के बीच मच्छरों की समस्या ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 15 वार्ड हैं जिनकी साफ-सफाई की जिम्मेदारी सीमित सफाई कर्मचारियों पर निर्भर है। कर्मचारियों की कमी के कारण सभी वार्डों में नियमित सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर नालियों में गंदगी और जलभराव की स्थिति मच्छरों के पनपने का कारण बन रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ वर्ष पहले नगर पंचायत द्वारा फॉगिंग मशीन के माध्यम से मच्छर नियंत्रण अभियान चलाया जाता था लेकिन लंबे समय से फॉगिंग नहीं होने के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। नगर में मच्छरनाशक दवाओं का छिड़काव भी नियमित रूप से नहीं हो पा रहा है।नागरिकों ने आशंका जताई है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो मच्छरों के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। लोगों ने नगर पंचायत से नियमित फॉगिंग दवा छिड़काव और सफाई व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। इस संबंध में नगर पंचायत सीएमओ अविनाश देवांगन ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान फॉगिंग मशीन की जानकारी उन्हें नहीं है। वहीं सफाई कर्मचारियों द्वारा नालियों की सफाई और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किए जाने की बात कही गई है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page