खराब व सड़े-गले फलों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 15 किलो आम सहित बड़ी मात्रा में खराब फल किए नष्ट

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत गुरुवार को ईतवारी बाजार एवं पुराना बस स्टैंड स्थित विभिन्न फल प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यह कार्रवाई अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन में की गई। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में अस्वच्छ वातावरण में रखे सड़े-गले एवं खराब फल पाए गए। खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर ही लगभग 15 किलोग्राम आम, 20 दर्जन केला तथा 3 नग तरबूज को नष्ट करवाया। कार्रवाई के दौरान व्यापारियों को दुकानों में साफ सफाई बनाए रखने, खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन अद्यतन रखने तथा ताजे एवं गुणवत्तायुक्त फलों का विक्रय करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी। यह अभियान खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे के नेतृत्व में संपन्न हुआ।