त्योहारी सीजन लगते ही खाद्य सुरक्षा विभाग ने दी दबिश, अलग-अलग प्रतिष्ठानों से लिये 12 नमूने
चार दिनों में किराना दुकानों से लेकर कलेक्ट्रेट परिसर के गढ़ कलेवा तक जांच
अधिकारियों ने आठ विधिक और चार सर्विलांस नमूने संकलित कर जाँच के लिये भेजा
खैरागढ़। नवरात्र पर्व और त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में सघन निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत चार दिनों में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर 12 नमूने संकलित किए गए हैं। इनमें आठ विधिक और चार सर्विलांस नमूने शामिल हैं। विभाग का जोर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के साथ उपभोक्ताओं को जागरूक करने पर भी है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अनिल कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ पांडे और एफएसओ दीपक घृतलहरे ने 7 से 12 अक्टूबर के बीच विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। 7 अक्टूबर को खैरागढ़ के जयस्तंभ चौक स्थित भगवती किराना स्टोर्स से मैगी, ओट्स और फॉर्च्यून रिफाइंड सूरजमुखी तेल के तीन विधिक नमूने लिए गए। 8 अक्टूबर को बाजार अतरिया के जीतू डेली नीड्स एवं जनरल स्टोर्स से पतंजलि काजू बिस्किट का विधिक और स्पेशल सूजी टोस्ट का सर्विलांस नमूना संकलित किया गया। 9 अक्टूबर को कलेक्टोरेट परिसर स्थित गढ़ कलेवा से समोसा और साबूदाना बड़ा के नमूने लिए गए वहीं 12 अक्टूबर को खैरागढ़ के गोल बाजार स्थित न्यू फेमस बाजार से इंस्टेंट इडली, सिंघाड़ा आटा और साबूदाना के तीन विधिक नमूने तथा खम्मन ढोकला आटा का एक सर्विलांस नमूना संकलित किया गया। इन नमूनों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच की जाएगी।
लेबल देखकर खाद्य सामग्री खरीदने की प्रशासन की अपील
निरीक्षण के साथ विभाग ‘हर लेबल कुछ कहता है’ अभियान के जरिए उपभोक्ताओं को जागरूक भी कर रहा है। पैकेटबंद खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, सामग्री की संरचना, निर्माता का विवरण और एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर जांचने की अपील की जा रही है। संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जानकारी विभाग को देने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने और स्वच्छ, सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने की अपील की है। विभाग के अनुसार त्योहारों के दौरान अधिक उपयोग होने वाली खाद्य सामग्री और फलाहार की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जा रही है। मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए निरीक्षण और नमूना संकलन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

