
बीलिब एवं एमलिब के विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण, पुस्तक संग्रह और प्रबंधन की बारीकियों को जाना
खैरागढ़। राजकुमारी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ में सेठ रतनचंद खुराना कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के पुस्तकालय विज्ञान विषय में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मंगलानंद झा के मार्गदर्शन में पहुंचे बीलिब एवं एमलिब के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के समृद्ध ग्रंथालय का अवलोकन किया तथा वहां उपलब्ध पुस्तकों, दुर्लभ पांडुलिपियों और पुस्तकालय प्रबंधन की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान ग्रंथालय प्रभारी डॉ. जे मोहन ने विद्यार्थियों को पुस्तकालय की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने पुस्तकों को खोजने की प्रक्रिया, उनके वर्गीकरण, व्यवस्थित रख-रखाव और संग्रहण की पद्धति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही ग्रंथालय में संरक्षित दुर्लभ पांडुलिपियों और विभिन्न विषयों से संबंधित पुस्तकों के समृद्ध संग्रह के महत्व को भी बताया। विद्यार्थियों ने पुस्तकालय की व्यवस्थाओं को नजदीक से समझा और इसे अपने अध्ययन एवं व्यावहारिक ज्ञान की दृष्टि से बेहद उपयोगी बताया।*कम संसाधनों में बेहतर प्रबंधन की सराहना*शैक्षणिक भ्रमण में साथ आए प्राध्यापक ने ग्रंथालय की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और गिने-चुने प्रशिक्षित कर्मचारियों के बावजूद यहां पुस्तकों का सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं बेहतर प्रबंधन सराहनीय है। ग्रंथालय के कर्मचारियों ने अपनी कार्यकुशलता और समर्पण से उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए एक आदर्श व्यवस्था विकसित की है। इसके लिए ग्रंथालय के कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.लवली शर्मा के प्रयासों की भी प्रशंसा की। इस शैक्षणिक भ्रमण में डॉ. भावना वर्मा, विभागाध्यक्ष फरहा परवीन सिद्दीकी, भावना यादव, शिवानी तिवारी सहित पुस्तकालय विज्ञान के विद्यार्थी उपस्थित रहे।