
सेवा संकल्प अभियान में बनेगी विशाल थीम आधारित रंगोली
शिक्षा से अधोसंरचना तक विकास के बदलते दौर की होगी कलात्मक प्रस्तुति
खैरागढ़। जिला मुख्यालय खैरागढ़ में अब विकास की 25 साल की कहानी नवनीत रंगों में नजर आएगी। शासन के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नगर पालिका सांस्कृतिक भवन में ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग-संकल्प की रंगोली’ का निर्माण किया जा रहा है। विशाल और थीम आधारित इस रंगोली में खैरागढ़ की विकास यात्रा को कला के माध्यम से जीवंत स्वरूप दिया जाएगा। इसका सार्वजनिक प्रदर्शन 7 अक्टूबर से किया जाएगा। जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस अभिनव पहल के लिए उच्च शिक्षा विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। रानी देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय, नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय तथा राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय के विद्यार्थी और शिक्षक संयुक्त रूप से रंगोली तैयार कर रहे हैं। जिसका निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है।
विकास के हर पड़ाव की होगी झलक
विशेष थीम पर तैयार की जा रही रंगोली में पिछले 25 वर्षों के दौरान खैरागढ़ में हुए प्रमुख विकास कार्यों और बदलावों को कलात्मक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। शिक्षा के विस्तार से लेकर अधोसंरचना, सामाजिक विकास, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य जनहितकारी कार्यों को रंगों के जरिए सामने लाने की तैयारी है। गौरतलब है कि इस पहल का उद्देश्य महज विशाल रंगोली तैयार करना नहीं बल्कि सेवा, विकास और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। आयोजन में महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की भागीदारी इसे युवाओं की रचनात्मक सोच और सामाजिक सरोकार से जोड़ रही है।
आज खुलेगा रंगों में सजा विकास का पन्ना
दो दिनों की मेहनत के बाद तैयार होने वाली इस विशाल रंगोली को 7 अक्टूबर को जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन को लेकर संबंधित संस्थानों के विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह है। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में तैयार हो रही यह रंगोली खैरागढ़ की विकास यात्रा को कला के अनूठे माध्यम से सामने लाने वाली पहल के रूप में देखी जा रही है।
