
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के खैरागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दिलीपपुर में बुधवार को स्टॉप डायरिया कैंपेन-2026 के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंचायत भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को डायरिया जैसी जलजनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि दूषित पानी का सेवन अस्वच्छ वातावरण और व्यक्तिगत स्वच्छता की अनदेखी डायरिया का प्रमुख कारण बनती है। इससे बचाव के लिए स्वच्छ पेयजल का उपयोग भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने तथा आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की आदत विकसित करने पर जोर दिया गया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने जल जीवन मिशन के तहत सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के प्रयासों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और समय-समय पर पानी की गुणवत्ता की जांच कराने के महत्व से भी अवगत कराया। साथ ही बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में उपचार लेने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में सरपंच देवकी वर्मा, पंचायत प्रतिनिधि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के समन्वयक आईसी एवं डब्ल्यूक्यूएमएस (WQMS) के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अंत में सभी ने स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक रहकर डायरिया मुक्त गांव बनाने का संकल्प लिया है।