KCG

स्कूली बच्चों की राह होगी आसान: दपका और मुड़भादुर में सीसी रोड निर्माण को मिली मंजूरी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला पंचायत क्षेत्र जालबांधा के ग्राम दपका और मुड़भादुर के ग्रामीणों को अब वर्षों पुरानी सड़क समस्या से राहत मिलने जा रही है। जिला पंचायत सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह के लगातार प्रयासों से जिला प्रशासन ने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से दोनों गांवों में शासकीय विद्यालय से मुख्य मार्ग तक सीसी रोड निर्माण के लिए कुल ₹4.50 लाख की स्वीकृति प्रदान की है। ग्राम दपका स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला तथा ग्राम मुड़भादुर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला से मुख्य मार्ग तक सड़क कच्ची होने के कारण ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को वर्षों से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता था। आम बारिश में भी गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता था। स्कूली बच्चों को साइकिल से उतरकर कीचड़ में पैदल स्कूल जाना पड़ता था वहीं ग्रामीणों को रात के समय घर के जरूरी सामान लाने-ले जाने में भी काफी परेशानी होती थी। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को गड्ढों और जलभराव के कारण आवागमन में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों ने यह समस्या जिला पंचायत सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह के समक्ष रखी थी। इसके बाद उन्होंने लगातार जिला प्रशासन के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से उठाया। समस्या की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने ग्राम दपका में सीसी रोड निर्माण के लिए ₹3 लाख तथा ग्राम मुड़भादुर में ₹1.50 लाख की स्वीकृति दी है। स्वीकृति मिलने पर जिला पंचायत सदस्य शताक्षी सिंह ने ग्राम वासियों एवं शाला में पदस्थ सभी विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों की ओर से जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। स्वीकृति से ग्राम वासियों में हर्ष है। ग्रामवासियों ने जिला पंचायत सदस्य का सहृदय धन्यवाद किया है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page