Advertisement
Uncategorized

सौर ऊर्जा संचालित पानी टंकी का मोटर पंप जला, एक माह से पेयजल आपूर्ति ठप

सत्यमेव न्यूज बाज़ार अतरिया। ग्राम पंचायत भीमपुरी में जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सौर ऊर्जा संचालित पानी टंकी का मोटर पंप जल जाने से पिछले एक माह से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बंद है। इससे गांव के 34 परिवारों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को दूर दराज से पानी लाकर दैनिक जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। यह पानी टंकी वित्तीय वर्ष 2023-24 में भारत सरकार एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहयोग से छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण क्रेडा द्वारा हमर गांव हमर पेयजल योजना के अंतर्गत स्थापित की गई थी। निर्माण कार्य भिलाई की मीरा एंड सिको कंपनी द्वारा किया गया था। लगभग 22 लाख 48 हजार 240 रुपये की लागत से बने इस संयंत्र की क्षमता 1200 वॉट मॉड्यूल 12 मीटर स्टेटिंग और 10 हजार लीटर टंकी की है। योजना के तहत कंपनी को पांच वर्ष तक मरम्मत एवं रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्राम पंचायत से मिली जानकारी के अनुसार मोटर पंप लगभग एक माह पहले जल गया था। संबंधित विभाग द्वारा पंप को निकालकर ले जाया गया लेकिन अब तक नया पंप स्थापित नहीं किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटिया या लोकल मोटर लगाए जाने के कारण एक वर्ष के भीतर ही पंप खराब हो गया। इस संबंध में प्रभारी जिला अधिकारी क्रेडा विभाग रविंद्र देवांगन ने बताया कि भीमपुरी की पानी टंकी का मोटर पंप जलने के बाद सुधार के लिए संबंधित इकाई को पत्र जारी किया गया है। नियमानुसार तीन बार पत्राचार किया जा चुका है। कार्रवाई नहीं होने पर जोनल हेड को भी अवगत करा दिया गया है और संबंधित इकाई से वसूली कर खराब उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहीं मीरा एंड सिको कंपनी के वॉइस प्रेसिडेंट दिव्य प्रकाश ने कहा कि उन्हें मामले की विस्तृत जानकारी नहीं है। डिटेल्स मिलने पर जांच कराई जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सिस्टम लगाने के बाद रखरखाव की जिम्मेदारी क्रेडा विभाग की होती है हालांकि किसी भी सामान में खराबी आने पर कंपनी सुधार करने के लिए तैयार है। पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने शीघ्र समाधान की मांग करते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page