
22 अगस्त को ब्लॉक, 29 अगस्त को जिला स्तरीय प्रदर्शन; 9 सितंबर से मुख्यमंत्री शिक्षामंत्री आवास घेराव
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन संयुक्त शिक्षक संघ एवं सर्व शिक्षक संघ के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेशभर के शिक्षक अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। इसी क्रम में छुईखदान ब्लॉक इकाई ने ब्लॉक अध्यक्ष टीका देशमुख के नेतृत्व में विकासखंड शिक्षाधिकारी अनुविभागीय अधिकारी एवं थाना प्रभारी को आंदोलन संबंधी सूचना ज्ञापन सौंपा। वेतन विसंगति और क्रमोन्नति की मांग शिक्षक संगठनों का कहना है कि चुनाव के दौरान सरकार ने वेतन विसंगति दूर करने और क्रमोन्नत वेतनमान देने का वादा किया था लेकिन अब तक मांग पूरी नहीं होने से शिक्षकों में नाराजगी है। सेवारत शिक्षकों को टीईटी से राहत की मांग ब्लॉक अध्यक्ष टीका देशमुख ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार शिक्षकों को निर्धारित अवधि में टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया है। वहीं राज्य में सेवारत शिक्षकों के लिए अब तक टीईटी परीक्षा आयोजित नहीं होने से शिक्षकों में असमंजस की स्थिति है। संगठनों के संयुक्त मोर्चे ने 22 अगस्त को ब्लॉक मुख्यालय 29 अगस्त को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन तथा 9 सितंबर से मुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री के आवास घेराव के साथ अनिश्चितकालीन आंदोलन का निर्णय लिया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष भिखेंद्र जंघेल, जिला सचिव शिवचरण वर्मा, ब्लॉक सचिव तारण धुर्वे, दोदेश्वर चंदेल, संजीव धुर्वे, अश्विनी साहू, तुलेश्वर सेन, तोरण साहू, सुरेश भंडारी, हेमंत जांगड़े, जगदीश देवांगन, किशन वर्मा, अनिक धुर्वे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
