
समारोह में सत्य, मर्यादा, प्रेम, त्याग और सदाचार के मार्ग पर चलने का दिया संदेश
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। बाजार लाइन स्थित पोस्ट ऑफिस के पास छोटे मंगल भवन में गोस्वामी तुलसीदास जयंती श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। समारोह में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गिरिराज किशोर वैष्णव, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष देवराज किशोर दास वरिष्ठ कांग्रेसी शैलेंद्र तिवारी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ गोस्वामी तुलसीदास के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने तुलसीदास के जीवन साहित्य और उनके द्वारा रचित रामचरितमानस के सामाजिक एवं नैतिक महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह को संबोधित करते हुए गिरिराज किशोर वैष्णव ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास ने रामचरितमानस के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का महान कार्य किया। उनकी रचनाएं केवल धार्मिक साहित्य तक सीमित नहीं हैं बल्कि सत्य, मर्यादा, प्रेम, त्याग, सेवा और सदाचार का मार्ग भी दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तुलसीदास के विचारों और भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। समाज में आपसी भाईचारा प्रेम और सद्भाव कायम रखना ही ऐसे आयोजनों की वास्तविक सार्थकता है। युवा पीढ़ी को तुलसीदास के साहित्य और उनके विचारों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि रामचरितमानस में निहित जीवन-मूल्य आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। इसके आदर्श समाज को नैतिकता अनुशासन और मानवीय मूल्यों की दिशा में प्रेरित करते हैं। धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण में आयोजित समारोह के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने तुलसीदास के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में प्रेम सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही।

